भोजशाला में बसंत पंचमी और जुमे की नमाज के लिए पृथक व्यवस्था, कलेक्टर ने बताया कितनी तगड़ी है सुरक्षा व्यवस्था
धार जिले में छावनी बना भोजशाला परिसर
जिला प्रशासन ने बुलाई दोनों पक्षों की बैठक
सुप्रीम कोर्ट के आदेश से कराया अवगत
धार 22 जनवरी 2026। मध्यप्रदेश के धार जिले में स्थित भोजशाला की सुरक्षा व्यवस्था तगड़ी कर दी गई है। दरअसल, 23 जनवरी को बसंत पंचमी का त्योहार और जुमे की नमाज एक साथ हो रही हैं। इसी के मद्देनजर जिला प्रशासन ने पूरे भोजशाला परिसर को छावनी बना दिया है। इस मामले को लेकर कोई अप्रिय स्थिति न बने, इसलिए परिसर में पुलिस फोर्स के साथ-साथ रैपिड एक्शन फोर्स को भी तैनात किया गया है। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी का कहना है कि प्रशासन के लिए सुरक्षा व्यवस्था सर्वोपरि है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पूरी तरह पालन कराया जाएगा। इस मामले को लेकर जिला प्रशासन ने 22 जनवरी को दोनों पक्षों के साथ बैठक कर उन्हें सुप्रीम कोर्ट के आदेश से अवगत कराया। जिला प्रशासन ने दोनों पक्षों के लिए परिसर में पृथक व्यवस्था की है।